उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज, बिहार से पहुंचीं EVM; अधिकारियों को मिलेगा प्रशिक्षण

देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियां अब तेज हो गई हैं। प्रदेश में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के बीच मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने चुनावी कार्ययोजना पर काम शुरू कर दिया है। इसी क्रम में बिहार से अतिरिक्त इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें (EVM) और वीवीपैट (VVPAT) उत्तराखंड पहुंच चुकी हैं, जिन्हें विभिन्न जिलों में भेजा जा रहा है।
चुनाव आयोग के अनुसार, राज्य में पहले से उपलब्ध मशीनों के अलावा 2,500 बैलेट यूनिट, 6,000 वीवीपैट और 12,500 कंट्रोल यूनिट बिहार से मंगाई गई हैं। इन सभी मशीनों का जिलावार वितरण शुरू हो चुका है ताकि चुनाव से पहले आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी की जा सकें।
आयोग की योजना के मुताबिक सितंबर और अक्तूबर में सभी ईवीएम की प्रथम स्तर की जांच (First Level Checking) की जाएगी। जांच के दौरान खराब मशीनों को अलग कर दिया जाएगा, जबकि सही मशीनों को सुरक्षित स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा। इसके साथ ही जिला निर्वाचन अधिकारियों, रिटर्निंग अधिकारियों और अन्य चुनावी अधिकारियों के लिए अगले महीने पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
चुनावी तैयारियों के तहत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम, मतदान प्रक्रिया से जुड़े प्रशिक्षण और चुनावी सामग्री जैसे पावर पैक, सील और टैग की खरीद की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। निर्वाचन आयोग का उद्देश्य सभी तैयारियां समय से पहले पूरी करना है ताकि विधानसभा चुनाव निष्पक्ष और सुचारु रूप से संपन्न कराए जा सकें।
इसके अलावा चुनाव आयोग जल्द ही उन आईएएस, पीसीएस और अन्य अधिकारियों के तबादले की प्रक्रिया भी शुरू करेगा, जो लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात हैं। यह कदम चुनाव से पहले प्रशासनिक निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए उठाया जाएगा।



