उत्तराखंड

उत्तराखंड की ‘भुली योजना’ को महिलाओं का शानदार रिस्पॉन्स, 1,000 से अधिक आवेदन; मिलेगा ब्याज मुक्त ऋण

Listen to this News

देहरादून। उत्तराखंड सरकार की महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने वाली ‘भुली योजना’ को महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों का शानदार समर्थन मिल रहा है। योजना शुरू होने के बाद अब तक 1,000 से अधिक महिलाओं एवं स्वयं सहायता समूहों ने आवेदन किया है। चयनित लाभार्थियों को अपने व्यवसाय का विस्तार करने के लिए बिना ब्याज 1.66 लाख रुपये से 7.50 लाख रुपये तक का सॉफ्ट लोन उपलब्ध कराया जाएगा।

ग्राम्य विकास विभाग की इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना है। योजना के तहत महिला उद्यमियों और महिला नेतृत्व वाले 150 स्वयं सहायता समूहों का चयन किया जाएगा। चयनित लाभार्थियों को वित्तीय सहायता के साथ-साथ तकनीकी विशेषज्ञों का मार्गदर्शन भी मिलेगा, जिससे वे अपने कारोबार को बेहतर ढंग से आगे बढ़ा सकें।

योजना के तहत लाभ पाने वाले समूहों को अपने व्यवसाय में करीब 15 प्रतिशत वृद्धि सुनिश्चित करनी होगी। साथ ही उन्हें अपनी क्षमता के अनुसार तीन से चार स्थानीय लोगों को रोजगार भी उपलब्ध कराना होगा। सरकार का मानना है कि इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

आवेदनों की बात करें तो पिथौरागढ़ से सबसे अधिक 168 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसके बाद उत्तरकाशी (161) और चमोली (124) का स्थान है। अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में महिलाओं ने योजना में रुचि दिखाई है। ग्रामीण विकास मंत्री ने उम्मीद जताई है कि महिलाओं के उत्साह को देखते हुए यह योजना राज्य में महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण आर्थिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button