उत्तराखंड रोडवेज की नई पहल: बस किराए में मिलेगी बड़ी छूट, यात्रियों को होगा फायदा

देहरादून: उत्तराखंड परिवहन निगम ने यात्रियों की सुविधा और मानसून के दौरान घटती यात्री संख्या को देखते हुए रोडवेज बस किराए में विशेष छूट देने का फैसला किया है। नई व्यवस्था के तहत यात्रियों को आने-जाने (रिटर्न) का टिकट एक साथ बुक करने पर किराए में आकर्षक छूट मिलेगी। यह योजना 30 सितंबर तक लागू रहेगी।
परिवहन निगम के अनुसार, यदि कोई यात्री एक साथ आने और जाने का टिकट बुक करता है तो उसे दोनों यात्राओं के बेस किराए पर 10-10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। इसके अलावा समूह में यात्रा करने वालों के लिए भी विशेष रियायत की व्यवस्था की गई है।
निगम ने बताया कि यदि छह यात्री एक साथ टिकट बुक करते हैं, तो चौथे यात्री को 10 प्रतिशत, पांचवें को 12 प्रतिशत और छठे यात्री को 15 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। इस संबंध में सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों (आरएम) और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों (एआरएम) को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
परिवहन निगम के महाप्रबंधक (संचालन) ने बताया कि मानसून के दौरान यात्रियों की संख्या में भारी कमी आई है। जून में प्रतिदिन औसतन करीब 1.5 लाख यात्री रोडवेज बसों में सफर कर रहे थे, जिससे निगम को लगभग 2.5 करोड़ रुपये की दैनिक आय हो रही थी। वहीं बारिश के मौसम में यह संख्या घटकर करीब 90 हजार यात्रियों तक पहुंच गई है और आय भी लगभग 1.5 करोड़ रुपये प्रतिदिन रह गई है। इसी वजह से यात्रियों को आकर्षित करने के लिए यह छूट योजना लागू की गई है।
परिवहन निगम को उम्मीद है कि इस पहल से यात्रियों को राहत मिलेगी, ऑनलाइन टिकट बुकिंग को बढ़ावा मिलेगा और रोडवेज बसों में सफर करने वालों की संख्या में फिर से बढ़ोतरी होगी।



