उत्तराखंड

देहरादून नगर निगम में हंगामा: मेयर कक्ष में पार्षद और सफाई कर्मचारी भिड़े, जांच के आदेश

Listen to this News

देहरादून: देहरादून नगर निगम में शुक्रवार को उस समय हंगामा मच गया जब मेयर कार्यालय में कांग्रेस पार्षदों और सफाई कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। स्थिति को देखते हुए मेयर सौरभ थपलियाल ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया।

जानकारी के अनुसार, कांग्रेस पार्षद अभिषेक तिवारी ने सफाई कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष सोनू खैरवाल सहित 25 सफाई कर्मचारियों पर मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी की मौजूदगी में मारपीट और अभद्रता का आरोप लगाया था। दूसरी ओर, महिला सफाई कर्मचारियों ने भी पार्षद और उनकी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इन दोनों मामलों की जांच पुलिस पहले से कर रही है।

शुक्रवार को कांग्रेस पार्षद रॉबिन त्यागी, आयुष गुप्ता और अभिषेक तिवारी अपनी शिकायत लेकर मेयर से मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान सफाई कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष सोनू खैरवाल अपने साथियों के साथ मेयर कक्ष में पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए और देखते ही देखते माहौल गर्म हो गया। मेयर ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को शांत कराया।

घटना के बाद मेयर सौरभ थपलियाल ने पूरे मामले की विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पार्षद और सफाई कर्मचारी दोनों नगर निगम व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और किसी के साथ भी अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। मामले की जांच के लिए एक समिति गठित की गई है, जिसे एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button