देहरादून जल संस्थान परिसर में बवाल: पार्षद समेत 15 लोगों पर एफआईआर, मारपीट और जबरन घुसने के आरोप

देहरादून: देहरादून के एमडीडीए डालनवाला स्थित जल संस्थान के ओवरहेड टैंक परिसर में हुए हंगामे के मामले में पुलिस ने क्षेत्रीय पार्षद समेत 15 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। घटना देर रात उस समय हुई, जब ओवरहेड टैंक पर चढ़े एक युवक को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और हंगामे में बदल गया।
पुलिस के अनुसार, जल संस्थान के कर्मचारी की शिकायत पर क्षेत्रीय पार्षद रोबिन त्यागी, उनके भाई मोन्टी त्यागी, उनकी मां सविता त्यागी और 10 से 15 अन्य लोगों के खिलाफ रायपुर थाने में मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सभी आरोपियों ने जबरन परिसर में प्रवेश किया, कर्मचारियों के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, 29 जुलाई की रात ओवरहेड टैंक पर एक युवक के चढ़ने की सूचना मिलने पर पुलिस और विभागीय अधिकारियों को सूचना दी गई थी। इसी दौरान कथित तौर पर पार्षद अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और परिसर में प्रवेश करने का प्रयास किया। कर्मचारियों ने मुख्य गेट बंद कर उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
एफआईआर में यह भी आरोप है कि बाद में आरोपियों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर परिसर में जबरन प्रवेश किया और कर्मचारियों के साथ मारपीट की। शिकायतकर्ता ने दावा किया कि उनके पिता पर लोहे की रॉड से हमला किया गया और पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। घटना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी रिकॉर्ड होने की बात कही गई है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है।
रायपुर थाना पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।



