उत्तराखंड

फूलों की घाटी में पर्यटकों का नया रिकॉर्ड, सिर्फ दो महीने में ही टूटा पिछले पूरे सीजन का आंकड़ा

Listen to this News

चमोली: विश्व धरोहर फूलों की घाटी (Valley of Flowers) इस वर्ष पर्यटकों की पहली पसंद बनकर उभरी है। सीजन शुरू होने के महज दो महीने के भीतर ही घाटी ने पिछले पूरे पर्यटन सीजन का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। 1 जून से 30 जुलाई तक यहां 16,462 पर्यटक पहुंच चुके हैं, जो पिछले वर्ष पूरे सीजन में आए पर्यटकों की संख्या से अधिक है।

वन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष घाटी में आने वाले पर्यटकों में 86 विदेशी और शेष भारतीय पर्यटक शामिल हैं। पिछले पूरे सीजन में यहां 15,924 पर्यटक पहुंचे थे, जिनमें 416 विदेशी शामिल थे। इस बार विदेशी पर्यटकों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही, लेकिन भारतीय पर्यटकों की रिकॉर्ड आमद ने नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है।

पर्यटकों की बढ़ती संख्या का सीधा लाभ वन विभाग के राजस्व पर भी पड़ा है। पिछले पूरे सीजन में विभाग को 33.28 लाख रुपये की आय हुई थी, जबकि इस वर्ष केवल दो महीनों में ही 30.35 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हो चुका है। अधिकारियों का मानना है कि घाटी अभी करीब तीन महीने और पर्यटकों के लिए खुली रहेगी, जिससे पर्यटकों की संख्या और आय दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।

हाल ही में भारी बारिश के चलते एहतियातन एक दिन के लिए फूलों की घाटी को पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया था। मौसम साफ होने के बाद शनिवार से इसे दोबारा खोल दिया गया। वन विभाग के अनुसार, इस समय घाटी में विभिन्न प्रजातियों के रंग-बिरंगे फूल पूरी तरह खिले हुए हैं और शनिवार को ही 300 से अधिक पर्यटकों ने घाटी का भ्रमण किया।

प्राकृतिक सौंदर्य, दुर्लभ हिमालयी पुष्पों और अनुकूल मौसम के कारण जुलाई और अगस्त का समय फूलों की घाटी घूमने के लिए सबसे उपयुक्त माना जाता है। बढ़ती पर्यटक संख्या से स्थानीय पर्यटन और अर्थव्यवस्था को भी बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button