उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027: वोट डालने मोबाइल साथ ले जा सकेंगे मतदाता, मतदान केंद्र पर मिलेगी सुरक्षित जमा करने की सुविधा

देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 में मतदाताओं को बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। अब वोट डालने के लिए मतदान केंद्र पहुंचने वाले लोग अपना मोबाइल फोन साथ ले जा सकेंगे। हालांकि मतदान कक्ष (बूथ) के भीतर मोबाइल ले जाना पहले की तरह प्रतिबंधित रहेगा, लेकिन मतदान केंद्र पर ही मोबाइल सुरक्षित जमा करने की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। इससे मतदाताओं को फोन बाहर रखने की परेशानी से राहत मिलेगी।
चुनाव आयोग ने मतदाताओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत मतदान केंद्रों पर मोबाइल जमा करने के लिए अलग से सुरक्षित डिपॉजिट सुविधा उपलब्ध होगी। मतदान करने के बाद मतदाता अपना मोबाइल वापस प्राप्त कर सकेंगे। इससे मतदान केंद्रों के बाहर मोबाइल रखने को लेकर होने वाली असुविधा और विवाद की स्थिति भी कम होने की उम्मीद है।
सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास ने बताया कि उत्तराखंड में पहली बार मतदान केंद्रों पर मोबाइल डिपॉजिट की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मोबाइल को मतदान कक्ष के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी, लेकिन केंद्र परिसर में सुरक्षित रखने की पूरी व्यवस्था की जाएगी।
चुनाव आयोग ने मतदाता सेवाओं में सुधार के लिए अन्य महत्वपूर्ण बदलाव भी किए हैं। नई व्यवस्था के तहत मतदाता सूची में नाम जुड़ने या संशोधित होने के बाद 15 दिनों के भीतर नया वोटर आईडी कार्ड उपलब्ध कराने की प्रक्रिया लागू की जाएगी। मतदाता को इसके संबंध में एसएमएस के माध्यम से भी जानकारी दी जाएगी।
इसके अलावा, चुनावी प्रक्रिया में अहम भूमिका निभाने वाले बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और अन्य चुनाव कर्मियों के मानदेय में भी बढ़ोतरी की गई है। आयोग का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुविधाजनक और मतदाता-अनुकूल बनाना है, ताकि अधिक से अधिक लोग मतदान में भागीदारी कर सकें।



