उत्तराखंड में कोरोना की दस्तक, हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में रामपुर निवासी महिला मिली संक्रमित

हल्द्वानी: उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण का एक नया मामला सामने आया है। हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती रामपुर निवासी एक महिला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। महिला के संक्रमित मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है और अस्पताल प्रशासन ने आवश्यक सावधानियां बढ़ा दी हैं।
जानकारी के अनुसार, महिला का उपचार डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय, हल्द्वानी में चल रहा है। जांच रिपोर्ट में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के बाद चिकित्सकों ने महिला की निगरानी शुरू कर दी है। अस्पताल प्रशासन की ओर से संक्रमण की रोकथाम के लिए जरूरी प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सावधानी बरतें और किसी भी तरह के लक्षण दिखाई देने पर जांच कराएं। अधिकारियों ने कहा कि कोरोना संक्रमण को लेकर स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
गौरतलब है कि सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी क्षेत्र का प्रमुख सरकारी चिकित्सा केंद्र है, जहां कुमाऊं मंडल के कई जिलों से मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं।



