साइबर अपराध नियंत्रण में उत्तराखंड पुलिस देश में पांचवें स्थान पर, सीएम धामी ने दी बधाई

उत्तराखंड पुलिस ने साइबर अपराध नियंत्रण और प्रबंधन के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की PRAGATI समीक्षा में उत्तराखंड को देश के शीर्ष पांच राज्यों में स्थान मिला है। राज्य पुलिस को इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बधाई दी है।
यह आकलन 1 जनवरी से 31 जुलाई 2026 की अवधि के प्रदर्शन के आधार पर किया गया। इसमें राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में साइबर अपराध से निपटने के लिए लागू की गई विभिन्न राष्ट्रीय पहलों की समीक्षा की गई। उत्तराखंड ने कई प्रमुख मानकों पर प्रभावी प्रदर्शन किया।
समीक्षा में ई-जीरो एफआईआर, शिकायत निवारण मॉड्यूल, मनी रिस्टोरेशन मॉड्यूल, सहयोग पोर्टल, समन्वय, सूचना साझा करने और साइबर जागरूकता अभियानों जैसे पहलुओं को शामिल किया गया। इन क्षेत्रों में उत्तराखंड के प्रभावी कामकाज ने राज्य को शीर्ष पांच में जगह दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
राज्य साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर होगा स्थापित
साइबर अपराध से निपटने के लिए उत्तराखंड सरकार ने उत्तराखंड स्टेट साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (US4C) स्थापित करने की अधिसूचना भी जारी की है। इसके लिए अलग भवन और आवश्यक बुनियादी ढांचे के लिए बजटीय प्रावधान किए गए हैं। केंद्र के माध्यम से साइबर अपराध की रोकथाम, जांच और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय को मजबूत किया जाएगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह उपलब्धि आधुनिक तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल और पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। वहीं, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने इसे उत्तराखंड पुलिस के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि साइबर अपराध पर नियंत्रण के साथ-साथ पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराना भी पुलिस की प्राथमिकता है।



