दस साल बाद बेटे से मिला लापता पिता, डायरी में लिखे एक शब्द से हुई पहचान; रानीखेत में भावुक हुआ परिवार

रानीखेत में करीब 10 साल से लापता एक पिता की अपने बेटे से मुलाकात ने हर किसी को भावुक कर दिया। फर्रुखाबाद निवासी 51 वर्षीय श्याम सिंह मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के बाद वर्षों पहले घर से लापता हो गए थे। परिवार ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया था। आखिरकार मजखाली पुलिस की पहल से पिता-पुत्र का मिलन हो सका।
श्याम सिंह पिछले कई वर्षों से ताड़ीखेत और मजखाली क्षेत्र में भटक रहे थे। मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह अपने बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहे थे। पुलिस ने उनकी पहचान के लिए कई प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली।
इसके बाद चौकी प्रभारी एसआई विनोद फर्त्याल ने उन्हें एक डायरी देकर कुछ लिखने को कहा। श्याम सिंह ने डायरी में ‘राजेपुर’ शब्द लिखा। राजेपुर फर्रुखाबाद जिले में स्थित है। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने फर्रुखाबाद पुलिस से संपर्क किया और फोटो व अन्य जानकारियों का सत्यापन कराया। जांच के बाद श्याम सिंह की पहचान की पुष्टि हो गई।
नौ साल की उम्र में पिता हुए थे लापता
श्याम सिंह के बेटे अमित सिंह जब महज नौ साल के थे, तभी उनके पिता घर से लापता हो गए थे। परिवार ने वर्षों तक उनका इंतजार किया और उन्हें खोजने के हरसंभव प्रयास किए, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
पुलिस से सूचना मिलने के बाद अमित और परिवार के अन्य सदस्य मजखाली पहुंचे। करीब दस साल बाद पिता को सामने देखकर अमित की आंखें छलक उठीं। उन्होंने अपने पिता को गले लगा लिया। चौकी परिसर में पिता-पुत्र के मिलन का दृश्य बेहद भावुक कर देने वाला था।
आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने श्याम सिंह को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने इस मानवीय पहल और पिता को परिवार से मिलाने के लिए अल्मोड़ा पुलिस का आभार जताया।



