उत्तराखंड

रुद्रपुर जिला न्यायालय के बाहर पेशी पर आए परिवार पर हमला, तीन साल की बच्ची को जबरन ले जाने का आरोप

Listen to this News

वैवाहिक विवाद में सुनवाई के लिए पहुंचे थे परिवार के लोग, 10-12 लोगों पर मारपीट और अभद्रता का आरोप; पुलिस ने शुरू की जांच

रुद्रपुर जिला एवं सत्र न्यायालय के बाहर शुक्रवार को वैवाहिक विवाद में पेशी पर आए एक परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि कोर्ट के गेट के बाहर पहले से मौजूद 10-12 लोगों ने उन पर हमला कर दिया और तीन बच्चों में से एक तीन वर्षीय बच्ची को जबरन अपने साथ ले गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पीड़ित निशांत सिंह के अनुसार, वह अपनी पत्नी, साली और अन्य रिश्तेदारों के साथ अदालत पहुंचे थे। आरोप है कि कोर्ट गेट के बाहर उनकी साली के पति, जेठ, सास समेत अन्य लोग पहले से मौजूद थे। उन्होंने परिवार के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान निशांत सिंह के चेहरे और नाक पर चोटें आईं, जबकि परिवार की महिलाओं के साथ भी अभद्रता किए जाने का आरोप है।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपी सफेद रंग की अर्टिगा कार से बच्ची को लेकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े तथ्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना के पीछे चल रहे वैवाहिक विवाद और बच्ची को ले जाने के आरोप की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button