मुरादाबाद में बिजली चोरी की जांच करने पहुंची टीम पर हमला, पुलिस के सामने फायरिंग; कई कर्मचारी घायल

मुरादाबाद के भगतपुर क्षेत्र में बिजली चोरी की जांच करने पहुंची बिजली विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस दौरान टीम के साथ मौजूद पुलिसकर्मियों के सामने फायरिंग किए जाने का भी आरोप है। घटना में बिजली विभाग के कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई और उनकी वर्दी तक फाड़ दी गई।
जानकारी के अनुसार, बिजली विभाग की टीम भगतपुर क्षेत्र के खेरखाता गांव में बिजली चोरी की जांच और कार्रवाई के लिए पहुंची थी। टीम में जेई समेत अन्य कर्मचारी शामिल थे। इसी दौरान कार्रवाई को लेकर कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि विरोध कर रहे लोगों ने बिजली विभाग की टीम और पुलिसकर्मियों पर हमला बोल दिया। इस दौरान जमकर मारपीट हुई और टीम को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने किसी तरह टीम को सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना के दौरान फायरिंग की बात भी सामने आई है। पुलिस और बिजली विभाग की ओर से मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमले में शामिल आरोपियों की पहचान की जा रही है। बिजली चोरी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची सरकारी टीम पर हुए इस हमले के बाद सुरक्षा व्यवस्था और सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।



