उत्तराखंड

ऋषभ पंत को उत्तराखंड में नहीं मिल रही जमीन, तीन साल से कर रहे तलाश; CM धामी से मांगी मदद

Listen to this News

भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत ने उत्तराखंड में अपना घर बनाने की इच्छा जताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मदद मांगी है। पंत ने सोशल मीडिया पर बताया कि वह पिछले करीब तीन साल से उत्तराखंड में जमीन तलाश रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें रहने के लिए उपयुक्त और बड़ी जमीन नहीं मिल पाई है।

पंत मूल रूप से उत्तराखंड के रहने वाले हैं और उनका जन्म रुड़की में हुआ था। उनके रुड़की और पिथौरागढ़ में घर हैं, लेकिन अब वह दिल्ली से अपना बेस उत्तराखंड में शिफ्ट करना चाहते हैं। उनका कहना है कि वह अपनी जड़ों के करीब रहना चाहते हैं और उत्तराखंड के विकास में भी योगदान देना चाहते हैं।

सरकारी दर पर जमीन खरीदने की इच्छा

ऋषभ पंत ने अपनी अपील में स्पष्ट किया कि वह किसी तरह की मुफ्त जमीन या विशेष रियायत नहीं मांग रहे हैं। वह सरकार की निर्धारित दरों पर जमीन खरीदकर उत्तराखंड में अपना पहला घर बनाना चाहते हैं। उन्होंने जमीन से जुड़े मामलों में स्पष्टता और प्रक्रिया को लेकर आ रही परेशानियों का भी जिक्र किया।

पंत ने यह भी बताया कि एक जमीन का मामला पहले से अटका हुआ है, जो उन्हें उस समय मिलनी थी जब वह उत्तराखंड के प्रचार-प्रसार से जुड़े थे। तीन साल से जमीन की तलाश के बावजूद समाधान नहीं होने पर उन्होंने मुख्यमंत्री से इस मामले में सहयोग की अपील की।

CM धामी ने दिया मदद का भरोसा

ऋषभ पंत की अपील पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पंत को उत्तराखंड का गौरव बताते हुए कहा कि उनकी मातृभूमि के प्रति प्रेम और वापस आकर राज्य के विकास में योगदान देने की भावना सराहनीय है। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को मामले में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं और नियमानुसार हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button