उत्तराखंड

Dehradun News: मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन में सीएम धामी का संवाद, बोले- युवाओं को मिलेंगी बड़ी जिम्मेदारियां

Listen to this News

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम में विद्यार्थियों से संवाद किया। कार्यक्रम से ढाई लाख से अधिक युवा वर्चुअल माध्यम से जुड़े। मुख्यमंत्री ने युवाओं से जीवन में स्पष्ट लक्ष्य तय कर संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

सीएम धामी ने कहा कि आने वाले समय में युवाओं को अलग-अलग क्षेत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभानी हैं। कोई उद्यमी बनेगा, कोई डॉक्टर, किसान या शिक्षक बनकर देश और प्रदेश के विकास में योगदान देगा। उन्होंने कहा कि युवा अपनी क्षमता और रुचि के अनुसार क्षेत्र चुनकर पूरी लगन के साथ आगे बढ़ें।

लक्ष्य के लिए संकल्प जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय परंपरा में किसी भी शुभ कार्य से पहले संकल्प लिया जाता है और यही संकल्प उसकी सिद्धि का आधार बनता है। इसी तरह युवाओं को भी जीवन में लक्ष्य तय कर संकल्प के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने युवाओं से कहा कि लक्ष्य हासिल करने के लिए विकल्पों में उलझने के बजाय अपने मिशन पर ध्यान केंद्रित करें।

उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी आने वाले समय में राज्य और देश का नाम रोशन करेगी। युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा का सही दिशा में उपयोग राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

नशे के खिलाफ युवाओं ने उठाए सवाल

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री से नशे की बढ़ती समस्या को लेकर सवाल पूछे। युवाओं ने बताया कि कई मोहल्लों और स्कूलों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री की शिकायतें सामने आती हैं। कुछ विद्यार्थियों ने पहाड़ी क्षेत्रों में शादी समारोहों और अन्य आयोजनों में शराब के इस्तेमाल पर भी चिंता जताई।

मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए कौशल विकास और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी ऊर्जा सही दिशा में लगानी चाहिए और जीवन में सकारात्मक लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए।

संस्कार और मार्गदर्शन पर भी जोर

सीएम धामी ने कहा कि बच्चों के सही मार्गदर्शन और अच्छे संस्कारों में परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। यदि बच्चे गलत दिशा में जा रहे हैं तो अभिभावकों को उनकी गतिविधियों पर ध्यान देने और उन्हें उचित मार्गदर्शन देने की जरूरत है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button