Kanwar Yatra 2026: ऋषिकेश में 10 और 11 अगस्त को स्कूल बंद, कांवड़ यात्रा मार्ग के सभी विद्यालयों पर लागू रहेगा आदेश

ऋषिकेश: कांवड़ मेले के मद्देनजर ऋषिकेश तहसील क्षेत्र में 10 और 11 अगस्त को स्कूलों में दो दिन का अवकाश घोषित किया गया है। प्रशासन ने कांवड़ यात्रा के दौरान बढ़ने वाली भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए यह फैसला लिया है। इस संबंध में एसडीएम कार्यालय की ओर से आदेश जारी कर दिए गए हैं।
नर्सरी से 12वीं तक की कक्षाएं रहेंगी बंद
एसडीएम के आदेश के अनुसार, नगर निगम ऋषिकेश, गुमानीवाला, श्यामपुर-खैरीखुर्द और रायवाला क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थित विद्यालयों में शिक्षण गतिविधियां बंद रहेंगी। यह आदेश सरकारी, अशासकीय सहायता प्राप्त और अशासकीय मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर लागू होगा।
इन स्कूलों में नर्सरी से कक्षा 12वीं तक की शिक्षण गतिविधियां 10 और 11 अगस्त को संचालित नहीं होंगी। संबंधित शिक्षण संस्थानों को आदेश का तत्काल प्रभाव से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए लिया फैसला
कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों में शिवभक्तों की आवाजाही बढ़ गई है। बड़ी संख्या में कांवड़िए गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे हैं। ऐसे में सड़कों पर भीड़ और यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है।



