देहरादून: सुबोध उनियाल ने झारखंड छात्र प्रदर्शन को लेकर राहुल गांधी पर साधा निशाना, बोले- कांग्रेस का छात्रों के मुद्दों से लेना-देना नहीं

देहरादून में उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल ने मंगलवार को झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन को लेकर प्रेसवार्ता की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए झारखंड में छात्रों के कथित दमन का मुद्दा उठाया।
सुबोध उनियाल ने कहा कि झारखंड में छात्रों ने शांतिपूर्ण आंदोलन किया था, लेकिन कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार में छात्रों का दमन किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का छात्रों और युवाओं के मुद्दों से कोई लेना-देना नहीं है और पार्टी लगातार नए आरोप लगाकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
मंत्री ने राहुल गांधी के उस रुख पर भी सवाल उठाया, जिसमें उन्होंने झारखंड मामले में चर्चा की बात कही थी। सुबोध उनियाल ने कहा कि जब सरकार चर्चा के लिए तैयार है तो राहुल गांधी पीछे क्यों हट रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में हुए आंदोलन के बाद शिक्षा मंत्री ने इस्तीफा दिया, नीट की परीक्षा दोबारा कराई गई और आरोपियों को जेल भेजा गया। साथ ही नकलरोधी कानून भी बनाया गया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में नकलरोधी कानून बनने के बाद पेपर लीक नहीं हुआ। परीक्षा शुरू होने के बाद एक परीक्षा केंद्र से पेपर बाहर जाने की घटना हुई थी, जिसे उन्होंने साजिश बताया। इस मामले की सीबीआई जांच चल रही है।
सुबोध उनियाल ने कहा कि झारखंड मामले पर राजनीति करने का उनका उद्देश्य नहीं है, लेकिन कांग्रेस के दोहरे रवैये पर सवाल उठाना जरूरी है। उन्होंने राहुल गांधी पर जनहित के मुद्दों को लेकर लोगों को गुमराह करने का आरोप भी लगाया।



