उत्तराखंड

देहरादून: विदेशी पार्सल के नाम पर महिला से 5.01 लाख रुपये की साइबर ठगी

Listen to this News

देहरादून के रानीपोखरी क्षेत्र में विदेशी कूरियर और पार्सल के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। जालसाजों ने एक महिला को विदेश से पार्सल आने की बात बताकर कस्टम क्लियरेंस और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर कुल 5.01 लाख रुपये ठग लिए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

रानीपोखरी निवासी शीला के अनुसार, उनके पास एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। आरोपी ने बताया कि उनके नाम से विदेश से एक पार्सल भेजा गया है, जिसमें विदेशी मुद्रा है। इसके बाद आरोपी ने महिला से फोन और व्हाट्सऐप के माध्यम से संपर्क बनाए रखा और पार्सल छुड़ाने के लिए अलग-अलग शुल्क जमा कराने को कहा।

जालसाजों ने महिला को कभी कूरियर छुड़ाने, कभी कस्टम क्लियरेंस तो कभी प्रमाणपत्र बनवाने के नाम पर पैसे जमा करने के लिए कहा। उनकी बातों में आकर महिला ने अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कर दी। कुल 4.81 लाख रुपये और इसके बाद 20 हजार रुपये, यानी कुल 5.01 लाख रुपये जमा कराए गए।

ठगी का एहसास होने पर पुलिस से शिकायत

लगातार पैसे जमा कराने के बाद जब महिला को पार्सल नहीं मिला और आरोपियों की मांगें जारी रहीं, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह खोलिया ने बताया कि मामले में आरोपियों और जिन बैंक खातों में रकम ट्रांसफर की गई, उनकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस साइबर ठगी में इस्तेमाल फोन नंबर, व्हाट्सऐप संपर्क और बैंक खातों की जांच कर रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि विदेशी पार्सल, कस्टम शुल्क या किसी अन्य बहाने से फोन पर पैसे मांगने वालों से सतर्क रहें। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर बैंक खाते में रकम ट्रांसफर करने से पहले पूरी तरह सत्यापन करना जरूरी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button