देश

नालंदा: पिता पर चार साल के बेटे की हत्या का आरोप, शव गांव के बाहर फेंका

Listen to this News

बिहार के नालंदा जिले के तेलमर थाना क्षेत्र में एक चार वर्षीय बच्चे की मौत के बाद उसके शव को गांव के बाहर फेंकने का मामला सामने आया है। बच्चे के पिता पर उसकी हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान बथानी पर गांव निवासी सुनील मांझी के चार वर्षीय बेटे सोनू कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बच्चा पिछले दो-तीन वर्षों से कुपोषण और बीमारी से पीड़ित था और उसका इलाज चल रहा था।

शौच करने पर पिता ने मारा थप्पड़

पुलिस पूछताछ में पिता ने बताया कि बुधवार को बच्चा खाना खा रहा था। बीमारी और अत्यधिक कमजोरी के कारण वह अपनी जगह से उठ नहीं सका और वहीं शौच-पेशाब कर दिया। आरोप है कि इस बात से नाराज होकर पिता ने उसे दो-तीन थप्पड़ मारे, जिसके बाद बच्चा जमीन पर गिर गया।

पिता का दावा है कि बच्चे को पहले कल्याणबिगहा और फिर सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां से रेफर किए जाने के बाद रास्ते में बच्चे की मौत हो गई। हालांकि, पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

मौत के बाद गांव के बाहर फेंका शव

बच्चे की मौत के बाद परिवार पर शव को गांव के बाहर सुनसान जगह पर फेंकने और घटना को छिपाने की कोशिश करने का आरोप है। ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिलने के बाद मौके पर शोर-शराबा हुआ और पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर बच्चे की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल पुलिस आरोपी पिता से पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button