देश

दिल्ली में बम धमकी से हड़कंप, स्वतंत्रता दिवस से पहले कई अहम स्थानों को बनाया निशाना

Listen to this News

नई दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले शुक्रवार को कई महत्वपूर्ण स्थानों पर बम धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। दिल्ली हाईकोर्ट और इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 समेत कई सरकारी कार्यालयों को धमकी मिली। इसके बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ते, दमकल विभाग और स्निफर डॉग स्क्वॉड ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

दिल्ली हाईकोर्ट को ईमेल के जरिए बम धमकी मिली। ईमेल में दोपहर 2:11 बजे धमाका होने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही हाईकोर्ट परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई और बम निरोधक दस्ते ने पूरे परिसर की जांच की। कोर्ट प्रशासन ने भी दिल्ली पुलिस से संपर्क किया।

इन स्थानों पर भी मिली धमकी

दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार, हाईकोर्ट के अलावा जमनगर हाउस, झंडेवालान फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स, साकेत स्थित डीएम कार्यालय, आईजीआई एयरपोर्ट टर्मिनल-3 और दिल्ली कैंट स्थित एसडीएम कार्यालय को भी बम धमकी मिली। सभी स्थानों पर सुरक्षा एजेंसियों की टीमें भेजी गईं।

सुरक्षा एजेंसियों ने सभी स्थानों पर व्यापक तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान अब तक किसी भी स्थान से संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है। अधिकारियों ने धमकियों को फर्जी बताया है, हालांकि सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।

स्वतंत्रता दिवस से पहले बढ़ाई गई सुरक्षा

15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए दिल्ली में पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है। ऐसे समय में कई संवेदनशील स्थानों को एक साथ धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं। धमकी भेजने वाले की पहचान और इसके पीछे की वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button