उत्तराखंड

स्वतंत्रता दिवस पर उत्तराखंड में शान से लहराया तिरंगा, सीएम धामी ने दिलाई एकता की शपथ; बाबा रामदेव ने भ्रष्टाचार-नशे पर चेताया

Listen to this News

देहरादून। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर उत्तराखंड में भी देशभक्ति का माहौल नजर आया। देहरादून से लेकर बदरीनाथ धाम, हरिद्वार, रुड़की और थराली तक विभिन्न कार्यक्रमों में तिरंगा शान से लहराया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में ध्वजारोहण कर अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।

मुख्यमंत्री आवास में ध्वजारोहण से पहले मुख्यमंत्री धामी और मौजूद अधिकारियों-कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया। इसके बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया।

सीएम धामी ने कहा कि अमर बलिदानियों ने जिस सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत का सपना देखा था, उसे साकार करने की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कार्यक्षेत्र में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ योगदान देना होगा। जनभागीदारी और सामूहिक प्रयासों को उन्होंने देश के विकास की महत्वपूर्ण ताकत बताया।

परेड ग्राउंड में दिखा उत्साह

देहरादून के परेड ग्राउंड में भी स्वतंत्रता दिवस को लेकर खास उत्साह दिखाई दिया। परेड में जवानों ने कदमताल की, जबकि बड़ी संख्या में राज्य आंदोलनकारी और स्थानीय लोग कार्यक्रम में मौजूद रहे। रुड़की में भी तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

बदरीनाथ धाम में गूंजा भारत माता का जयघोष

स्वतंत्रता दिवस पर बदरीनाथ धाम में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने भगवान बदरी विशाल के जयकारों के साथ भारत माता की जय के नारे लगाए। धार्मिक आस्था के साथ धाम में देशभक्ति का माहौल भी देखने को मिला।

बाबा रामदेव ने भ्रष्टाचार और नशे को लेकर चेताया

हरिद्वार में योग गुरु बाबा रामदेव ने पतंजलि योगपीठ में ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने भ्रष्टाचार और बेईमानी को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और बेईमानी करने वाले लोग देश के शहीदों का अपमान कर रहे हैं। बाबा रामदेव ने चेतावनी देते हुए कहा कि देश में बहुत घपला है, सुधार जाना चाहिए, नहीं तो उन्हें दोबारा आंदोलन करना पड़ सकता है।

उन्होंने देशवासियों से भ्रष्टाचार, बेईमानी और शोषण के खिलाफ मिलकर खड़े होने का संकल्प लेने की अपील की। साथ ही उन्होंने Gen Z में बढ़ते नशे के चलन पर चिंता जताते हुए कहा कि नशे को ‘मेरी मर्जी, मेरा जीवन’ के नाम पर सही नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने नशामुक्त, भ्रष्टाचारमुक्त और चरित्रवान भारत के निर्माण का संकल्प लेने की अपील की।

बाबा रामदेव ने देश में नफरत और जाति-धर्म के नाम पर बढ़ती दूरी पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि देश किसी एक पार्टी या सरकार का नहीं, बल्कि सभी भारतीयों का है।

थराली में बच्चों ने पेश किए सांस्कृतिक कार्यक्रम

थराली तहसील में भी 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों, शिक्षण संस्थाओं और पंचायतों में ध्वजारोहण किया गया। स्कूली बच्चों ने प्रभात फेरी निकाली और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button