उत्तराखंड

चमोली टनल हादसा: तीन लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू जारी, 22 में से 19 कर्मचारी सुरक्षित बाहर

Listen to this News

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए भूस्खलन के बाद राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। टनल के अंदर फंसे तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीमें लगातार जुटी हुई हैं।

हादसा टीएचडीसी की 444 मेगावाट की पीपलकोटी विष्णुगाड जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन टनल में हुआ। सामने आया है कि टनल में एक नहीं, बल्कि तीन बार भूस्खलन हुआ। दूसरी बार आए मलबे ने सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि टनल में फंसे 22 कर्मचारियों में से अधिकांश को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि तीन लोगों की तलाश अभी जारी है। बचाव दल टनल के अंदर की स्थिति का लगातार जायजा लेते हुए सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू अभियान आगे बढ़ा रहे हैं।

प्रशासन और सभी संबंधित बचाव एजेंसियां मौके पर मौजूद हैं और अभियान की निगरानी कर रही हैं। टनल के भीतर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बचाव कार्य किया जा रहा है।

सीएम धामी ने दिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। जांच में हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी सावधानियों और सुरक्षा उपायों की समीक्षा की जाएगी।

सीएम धामी ने कहा कि निर्माण परियोजनाओं में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बचाव अभियान में किसी भी स्तर पर सुरक्षा के साथ समझौता न किया जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button