उत्तराखंड: सांसद अनिल बलूनी की कार पर गिरा बोल्डर, बाल-बाल बचे; वाहन हुआ क्षतिग्रस्त

देवप्रयाग। उत्तराखंड में बारिश के बीच पहाड़ी मार्गों पर भूस्खलन और बोल्डर गिरने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को देवप्रयाग के पास तोताघाटी क्षेत्र में भाजपा सांसद अनिल बलूनी की कार पर अचानक एक बड़ा बोल्डर गिर गया। हादसे में उनकी इनोवा क्रिस्टा क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि सांसद और उनके साथ मौजूद लोग सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार, अनिल बलूनी चमोली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तोताघाटी के पास पहाड़ी से अचानक बोल्डर टूटकर उनकी चलती कार पर आ गिरा। बोल्डर की चपेट में आने से वाहन को नुकसान पहुंचा, लेकिन गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए स्थिति चिंताजनक हो गई। वाहन के क्षतिग्रस्त होने के बावजूद सांसद सुरक्षित रहे और बाद में वहां से आगे के लिए रवाना हो गए।
बारिश में पहाड़ी मार्गों पर बढ़ा खतरा
उत्तराखंड में इन दिनों लगातार बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में पर्वतीय मार्गों पर सफर करने वाले लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है। तोताघाटी जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में अचानक बोल्डर गिरने से हादसे का खतरा लगातार बना हुआ है।



