उत्तराखंड

राज बब्बर की सांसद निधि के गबन का मामला: कंस्ट्रक्शन कंपनी का जीएम लखनऊ से गिरफ्तार, गैर-जमानती वारंट था जारी

Listen to this News

देहरादून। तत्कालीन राज्यसभा सांसद राज बब्बर की सांसद निधि में कथित गबन के मामले में चकराता पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में वांछित चल रहे इंडिया प्रोजेक्ट कंस्ट्रक्शन कोऑपरेटिव लिमिटेड के महाप्रबंधक (जीएम) प्रदीप गोयल को शुक्रवार को लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ अदालत से गैर-जमानती वारंट जारी था।

पुलिस के अनुसार, चकराता तहसील के राजस्व क्षेत्र खबोऊ में वर्ष 2019 में सांसद निधि की धनराशि के कथित गबन का मामला सामने आया था। इसके बाद मामले की विवेचना चकराता पुलिस को सौंपी गई। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही मूल रूप से प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश निवासी प्रदीप गोयल फरार चल रहा था।

पुराने पते पर नहीं मिला आरोपी

कोतवाली प्रभारी बीएल भारती के मुताबिक, अदालत से गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद पुलिस टीम ने आरोपी के प्रतापगढ़ स्थित पुराने पते पर दबिश दी थी, लेकिन वहां उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी और अन्य माध्यमों से आरोपी की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को प्रदीप गोयल के लखनऊ में छिपे होने की जानकारी मिली। सटीक लोकेशन मिलने के बाद टीम ने लखनऊ के अर्जुनगंज स्थित शांति एन्क्लेव में दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अब आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है। मामले में सांसद निधि की धनराशि के कथित गबन से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button