IPS नुपुर प्रसाद को राष्ट्रपति पदक से सम्मान, सुशांत सिंह राजपूत केस की CBI जांच में निभाई थी अहम भूमिका

नई दिल्ली। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी नुपुर प्रसाद को इस वर्ष पुलिस सेवा में उत्कृष्ट कार्य के लिए राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया है। 2007 बैच की AGMUT कैडर की अधिकारी नुपुर प्रसाद ने अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले की CBI जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
नुपुर प्रसाद CBI में अपनी प्रतिनियुक्ति के दौरान सुशांत सिंह राजपूत मामले की जांच करने वाली टीम का नेतृत्व कर रही थीं। उन्होंने जांच के दौरान गवाहों के बयान, फोरेंसिक साक्ष्यों और मेडिकल रिकॉर्ड समेत मामले से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की निगरानी की थी।
दिल्ली पुलिस में लौटीं नुपुर प्रसाद
CBI में कार्यकाल पूरा करने के बाद नुपुर प्रसाद हाल ही में दिल्ली पुलिस में वापस लौटी हैं। वर्तमान में वह आर्थिक अपराध शाखा (EOW) की संयुक्त पुलिस आयुक्त के पद पर कार्यरत हैं, जहां वह वित्तीय और आर्थिक अपराधों से जुड़े मामलों की जांच की निगरानी कर रही हैं।
कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं
नुपुर प्रसाद ने अपने करीब दो दशक के पुलिस करियर में दिल्ली पुलिस, CBI, पश्चिम बंगाल और अरुणाचल प्रदेश में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं। उन्हें जटिल मामलों की जांच और पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न अभियानों में अनुभव के लिए जाना जाता है।
सुशांत सिंह राजपूत 14 जून 2020 को मुंबई स्थित अपने आवास पर मृत पाए गए थे। अगस्त 2020 में मामला CBI को सौंपा गया था। बाद में 2025 में CBI ने क्लोजर रिपोर्ट दाखिल करते हुए जांच में किसी तरह की आपराधिक साजिश या फाउल प्ले के सबूत नहीं मिलने की बात कही थी।
नुपुर प्रसाद को मिला यह सम्मान उनकी पुलिस सेवा के दौरान किए गए उल्लेखनीय कार्यों और चुनौतीपूर्ण जांचों में निभाई गई जिम्मेदारियों की मान्यता के तौर पर देखा जा रहा है।



