किश्तवाड़ में दर्दनाक हादसा: स्कॉर्पियो चिनाब नदी में गिरी, पांच लोगों की मौत; रेस्क्यू जारी

किश्तवाड़। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। डच्चन इलाके में एक महिंद्रा स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गई और गहरी ढलान से नीचे लुढ़कते हुए चिनाब नदी में जा गिरी। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, हादसा डांगदरू के यैनवान इलाके में करीब सुबह 10:45 बजे हुआ। स्कॉर्पियो डांगदरू से साउंडर की ओर जा रही थी। इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे जाकर चिनाब नदी में गिर गया।
घटना की सूचना मिलते ही डच्चन पुलिस थाने की टीम स्थानीय लोगों और अन्य कर्मियों के साथ मौके पर पहुंची। इसके बाद वाहन में सवार लोगों की तलाश और शवों को बरामद करने के लिए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
पांच शव बरामद, मृतकों की पहचान नहीं
अधिकारियों के मुताबिक, अब तक हादसे वाली जगह से पांच शव बरामद किए जा चुके हैं। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। वाहन में हादसे के समय कुल कितने लोग सवार थे, इसकी भी तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी है।
पुलिस और बचाव दल की ओर से रेस्क्यू और रिकवरी ऑपरेशन जारी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़ी अन्य जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी।



