त्यूणी: 50 मीटर गहरी खाई में गिरा पिकअप वाहन, उत्तरकाशी के व्यक्ति की मौत; घायल हायर सेंटर रेफर

देहरादून जिले के त्यूणी क्षेत्र में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पुरटाड रोड पर एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में उत्तरकाशी जिले के मोरी तहसील निवासी 40 वर्षीय खजान दास की मौत हो गई, जबकि 34 वर्षीय रविन लाल घायल हो गए।
हादसे की जानकारी रविवार सुबह मिली। करीब 7:40 बजे कंट्रोल रूम से वाहन के खाई में गिरने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही त्यूणी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को वाहन के पास एक व्यक्ति मृत और दूसरा घायल अवस्था में मिला।
घायल रविन लाल, ग्राम सूचानू निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने उन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से त्यूणी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए देहरादून हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
वहीं, मृतक खजान दास उत्तरकाशी की मोरी तहसील के सुनकुंडी गांव के निवासी थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
थाना प्रभारी कुलदीप शाह के अनुसार, हादसा शनिवार रात हुआ था। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है।



