भाजपा की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी घोषित, उत्तराखंड से तीरथ सिंह रावत उपाध्यक्ष और अनिल बलूनी बने मीडिया संयोजक

भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को अपनी नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी और संगठन की नई टीम की घोषणा कर दी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की मंजूरी के बाद जारी सूची में उत्तराखंड से पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी को राष्ट्रीय मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में कुल 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। इनमें तीरथ सिंह रावत के अलावा राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, राम माधव, बैजयंत पांडा, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, डॉ. भारती प्रवीण पवार, मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, एम. नागराजा, तारिक मंसूर और मधुचंद्र कर शामिल हैं।
अनिल बलूनी को मिली अहम जिम्मेदारी
उत्तराखंड से लोकसभा सांसद अनिल बलूनी को पार्टी का राष्ट्रीय मीडिया संयोजक बनाया गया है। इससे पहले भी बलूनी भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। नई जिम्मेदारी के साथ पार्टी के मीडिया और संचार से जुड़े कामकाज में उनकी भूमिका और महत्वपूर्ण हो गई है।
नई टीम में कई बड़े नाम शामिल
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में कई वरिष्ठ नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। बीएल संतोष राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के पद पर बने रहेंगे, जबकि शिवप्रकाश और सौदान सिंह को राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव (संगठन) नियुक्त किया गया है।
राष्ट्रीय महासचिवों की नई टीम में विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, स्मृति ईरानी, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को शामिल किया गया है।
नई नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। भाजपा की इस नई संगठनात्मक टीम में अनुभवी नेताओं के साथ कई नए चेहरों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं।



