पिरान कलियर: अजमेरी बाजार में ज्वैलरी और खिलौने की दुकानों में भीषण आग, उर्स के बीच मची अफरातफरी

रुड़की/पिरान कलियर: साबिर पाक के सालाना उर्स के बीच मंगलवार देर रात पिरान कलियर के अजमेरी बाजार में अचानक भीषण आग लग गई। दरगाह पहाड़ी गेट के पास आर्टिफिशियल ज्वैलरी और खिलौनों की दुकानों में लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। दुकानों से ऊंची लपटें उठती देख बाजार में अफरातफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, आग रात करीब एक बजे लगी। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर पानी और अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को नियंत्रित किया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सूचना देने के करीब 20 मिनट बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। तब तक आग तेजी से फैल रही थी और आसपास की अन्य दुकानों के भी चपेट में आने का खतरा बना हुआ था। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
उर्स के चलते इन दिनों पिरान कलियर में बड़ी संख्या में जायरीन मौजूद हैं। बाजार के बीच आग लगने की सूचना से मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने लोगों को घटनास्थल से हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
आग की चपेट में आने से दुकानों में रखा सामान जलकर खाक हो गया। दुकानदारों के अनुसार, घटना में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि नुकसान का वास्तविक आकलन अभी नहीं हो पाया है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है। शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों की जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी।
लोगों की सूझबूझ से बची कबूतरों की जान
आग के दौरान स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए दुकानों के पीछे स्थित खानकाह में रखे कबूतरों की जान भी बचाई। खानकाह में पिंजरे में बंद कबूतरों को आग बढ़ने का खतरा देखते ही लोगों ने बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। समय रहते उठाए गए इस कदम से कबूतर आग की चपेट में आने से बच गए।



