उत्तराखंड

देहरादून एयरपोर्ट: खराब मौसम के कारण पांच उड़ानें डायवर्ट, यात्रियों की बढ़ी परेशानी

Listen to this News

देहरादून: उत्तराखंड में खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला। बुधवार को देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर कम दृश्यता और खराब मौसम के कारण अलग-अलग शहरों से आने वाली पांच उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा। इससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई और एयरपोर्ट पर इंतजार बढ़ गया।

सुबह के समय एयरपोर्ट पर दृश्यता करीब 800 मीटर रह गई थी। इसके चलते देहरादून पहुंचने वाली कई उड़ानें कुछ देर तक आसमान में चक्कर लगाती रहीं। मौसम की स्थिति में सुधार नहीं होने पर इन्हें दूसरे एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट कर दिया गया।

चंडीगढ़, अमृतसर और दिल्ली डायवर्ट हुईं उड़ानें

जानकारी के अनुसार, सुबह 9:50 बजे दिल्ली से देहरादून आने वाली इंडिगो की फ्लाइट को चंडीगढ़ डायवर्ट किया गया। इसके बाद 9:55 बजे मुंबई से आने वाली एयर इंडिया की उड़ान को अमृतसर भेजा गया।

वहीं, 10:20 बजे दिल्ली से आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट को वापस दिल्ली डायवर्ट करना पड़ा। इसके अलावा 11 बजे मुंबई से आने वाली इंडिगो की उड़ान और 12:50 बजे हैदराबाद से आने वाली फ्लाइट को भी चंडीगढ़ डायवर्ट किया गया।

उड़ानों के संचालन पर पड़ा असर

खराब मौसम के कारण उड़ानों के निर्धारित समय पर देहरादून नहीं पहुंच पाने से उनकी वापसी की उड़ानें भी प्रभावित हुईं। डायवर्ट किए गए शहरों से कुछ उड़ानें कई घंटे की देरी के बाद देहरादून पहुंचीं।

मौसम विभाग ने 19 अगस्त को देहरादून समेत उत्तराखंड में भारी से बहुत भारी बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है। ऐसे में हवाई सेवाओं के साथ-साथ सड़क यातायात पर भी मौसम का असर पड़ने की आशंका बनी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button