अल्मोड़ा: फ्लाइंग व्हीकल बनाने वाले रवि टम्टा ने नागरिक उड्डयन मंत्री से की मुलाकात, सुरक्षा और मंजूरी पर चर्चा

अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा निवासी युवा इनोवेटर रवि टम्टा ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से मुलाकात की। रवि टम्टा ने अपने एक सीट वाले इलेक्ट्रिक फ्लाइंग व्हीकल हपिडा स्काइनेक्स के बारे में मंत्री को जानकारी दी।
मुलाकात के दौरान फ्लाइंग व्हीकल के विकास, सुरक्षा मानकों और भारत में निजी हवाई सफर की संभावनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। रवि ने वाहन की अब तक की प्रगति और भविष्य की कार्ययोजना भी केंद्रीय मंत्री के सामने रखी।
डीजीसीए की मंजूरी और प्रमाणन पर चर्चा
रवि टम्टा के अनुसार, बैठक में नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) से आवश्यक मंजूरी, तकनीकी जांच, सुरक्षा नियमों और प्रमाणन प्रक्रिया को लेकर भी बातचीत हुई। केंद्रीय मंत्री ने उनके प्रयास की सराहना करते हुए सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।
रवि ने बताया कि मंत्री के प्रोत्साहन से उन्हें अपने प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिली है। अब उनका मुख्य फोकस फ्लाइंग व्हीकल के लिए जरूरी सरकारी मंजूरी, तकनीकी जांच और प्रमाणन प्रक्रिया पूरी करने पर रहेगा।
अल्मोड़ा में हो चुका है फ्लाइंग व्हीकल का परीक्षण
रवि टम्टा द्वारा विकसित हपिडा स्काइनेक्स का अल्मोड़ा में परीक्षण भी किया जा चुका है। इसके सफल परीक्षण के बाद एक सीट वाले इस इलेक्ट्रिक फ्लाइंग व्हीकल को लेकर चर्चा तेज हुई थी।
रवि का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल फ्लाइंग व्हीकल तैयार करना नहीं, बल्कि भारत में निजी हवाई सफर के क्षेत्र में नई संभावनाएं तलाशना है। जरूरी मंजूरियों और प्रमाणन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रोजेक्ट को अगले चरण में ले जाने की तैयारी है।



