उत्तराखंड

देहरादून: ऑनलाइन निवेश के नाम पर 12 करोड़ की ठगी का आरोप, 160 लोगों को बनाया शिकार

Listen to this News

देहरादून: रायपुर क्षेत्र में ऑनलाइन निवेश के नाम पर करीब 12 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि अलग-अलग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए निवेशकों को जोड़कर उन्हें क्रिप्टो और फॉरेक्स ट्रेडिंग में हर महीने 5 से 6 प्रतिशत तक रिटर्न का लालच दिया गया।

मामले में श्रीकृष्ण विहार, नाथूवाला निवासी अनूप सिंह ने अपर सिविल जज (छठे), वरिष्ठ खंड, देहरादून की अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल किया है। इसमें मुजफ्फरनगर निवासी लविश चौधरी उर्फ नवाब अली पर निवेशकों से रकम जुटाने का आरोप लगाया गया है।

140 से 160 लोगों से रकम जुटाने का दावा

याचिका के अनुसार, आरोपी ने अलग-अलग प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों को निवेश के लिए जोड़ा। शुरुआत में निवेश पर अच्छा रिटर्न देने का भरोसा दिलाया गया, लेकिन बाद में निवेशकों की रकम निकालने पर रोक लगा दी गई।

शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि देहरादून के 140 से 160 लोगों से करीब 12 करोड़ रुपये की रकम जुटाई गई। इसके बाद निवेशकों को अपना पैसा वापस लेने में परेशानी होने लगी।

पुलिस से शिकायत के बाद अदालत पहुंचे

शिकायतकर्ता का आरोप है कि उन्होंने मामले को लेकर रायपुर पुलिस और एसएसपी से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने अदालत का रुख किया।

अब अदालत से आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच के निर्देश देने की मांग की गई है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button