चमोली: नंदानगर में देर रात खाई में गिरी कार, सेना के जवान की मौत; गांव में पसरा मातम

चमोली: जिले के नंदानगर विकासखंड के घुमकी क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार सेना के जवान की मौत हो गई। मृतक की पहचान कुरूड़ गांव निवासी संदीप के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, संदीप इन दिनों छुट्टी पर अपने गांव आए हुए थे। बुधवार देर शाम वह कार से लुन्तरा की ओर गए थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर उनके भाई पवन ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
गुरुवार सुबह लुन्तरा के घुघटी नामक स्थान पर ग्रामीणों को खाई में कार दिखाई दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस, एसडीआरएफ और ग्रामीणों की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर संदीप के शव को खाई से बाहर निकाला। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गोपेश्वर भेज दिया।
बताया गया कि संदीप करीब आठ वर्षों से सेना में सेवा दे रहे थे। उनकी शादी तीन साल पहले हुई थी और उनका एक साल का बच्चा भी है। हादसे की खबर से कुरूड़ गांव में शोक की लहर है।



