उत्तराखंड

बदरीनाथ धाम में जल्द शुरू होगा 45 बेड का आधुनिक अस्पताल, पीएम मोदी कर सकते हैं उद्घाटन

Listen to this News

चमोली: बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं को जल्द ही अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की सौगात मिलने वाली है। बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत बनाए जा रहे 45 बेड के आधुनिक अस्पताल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। चार मंजिला इस अस्पताल को सब जिला अस्पताल के रूप में विकसित किया जा रहा है।

अस्पताल में एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, ऑपरेशन थिएटर और आईसीयू जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मरीजों और तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए भवन में लिफ्ट की व्यवस्था भी की गई है। आधुनिक चिकित्सा उपकरण अस्पताल में पहुंच चुके हैं और उनके इंस्टॉलेशन का काम तेजी से चल रहा है।

31 अगस्त तक निर्माण पूरा करने के निर्देश

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कार्यदायी संस्था को अस्पताल भवन का निर्माण आगामी 31 अगस्त तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार अस्पताल का संचालन जल्द शुरू किए जाने की तैयारी है।

अक्तूबर में बदरीनाथ आ सकते हैं पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अक्तूबर में बदरीनाथ धाम पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित बताया जा रहा है। संभावित दौरे को देखते हुए शासन-प्रशासन से लेकर पीएमओ स्तर तक तैयारियां की जा रही हैं। इसी दौरान आधुनिक अस्पताल का उद्घाटन किए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, जिलाधिकारी गौरव कुमार ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री के बदरीनाथ दौरे को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है।

उच्च हिमालयी क्षेत्र में श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत

चारधाम यात्रा के दौरान हर साल लाखों श्रद्धालु बदरीनाथ धाम पहुंचते हैं। उच्च हिमालयी क्षेत्र होने के कारण कई यात्रियों को सांस लेने में परेशानी, ऑक्सीजन की कमी और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। गंभीर मरीजों को फिलहाल बेहतर उपचार के लिए निचले क्षेत्रों में रेफर करना पड़ता है।

नए अस्पताल के शुरू होने के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को बदरीनाथ धाम में ही बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button