उत्तराखंड

अल्मोड़ा: घर में घुसा तेंदुआ, 88 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर किया हमला; बहू की चीख से बची जान

Listen to this News

अल्मोड़ा: जिले के स्याल्दे विकासखंड के फूलाई गांव में शुक्रवार तड़के घर में घुसे तेंदुए ने सो रही 88 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर हमला कर दिया। तेंदुए ने महिला के सिर और हाथों पर पंजे मारकर उन्हें घायल कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, फूलाई निवासी परुली देवी रात करीब तीन बजे घर में सो रही थीं। इसी दौरान तेंदुआ घर के अंदर घुस आया और अचानक उन पर हमला कर दिया। महिला के शोर मचाने पर घर में सो रही उनकी बहू जाग गई। बहू की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद तेंदुआ वहां से भाग गया।

अस्पताल में कराया गया भर्ती

तेंदुए के हमले में घायल परुली देवी को ग्रामीण तत्काल भिकियासैंण अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें स्वास्थ्य परीक्षण के लिए रामनगर रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, महिला की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

वन विभाग ने शुरू की गश्त

घटना की सूचना मिलने के बाद जौरासी रेंज के रेंजर आशुतोष जोशी ने अस्पताल पहुंचकर घायल महिला का हाल जाना। वन विभाग की टीम ने तेंदुए की तलाश और निगरानी के लिए प्रभावित क्षेत्र में गश्त शुरू कर दी है। विभाग के अनुसार, तेंदुए की सक्रियता वाले इलाकों में लगातार निगरानी की जा रही है और जल्द ही क्षेत्र में पिंजरा लगाया जाएगा।

घटना के बाद ग्रामीणों में भय बढ़ गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए के आतंक से निजात दिलाने और क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button