रुद्रपुर फ्लाईओवर हादसा: डिवाइडर से टकराकर 40 फीट नीचे गिरा युवक, इलाज के दौरान मौत

रुद्रपुर: ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर में फ्लाईओवर पर दर्दनाक हादसे में 23 वर्षीय युवक जितेंद्र की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बाइक फ्लाईओवर के डिवाइडर से टकराने के बाद युवक करीब 40 फीट नीचे जा गिरा। गंभीर रूप से घायल जितेंद्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम नंदपुर गदरपुर निवासी जितेंद्र रोजाना की तरह बृहस्पतिवार सुबह काम के लिए निकला था। हादसे के बाद उसे करीब 40 फीट नीचे से निकालकर उसके साथियों ने निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में इलाज में देरी का आरोप
परिजनों और साथियों ने अस्पताल में इलाज में देरी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गंभीर रूप से घायल जितेंद्र काफी देर तक मदद के लिए गुहार लगाता रहा, लेकिन समय पर उपचार शुरू नहीं हो सका। परिजनों के अनुसार, अत्यधिक रक्तस्राव के चलते उसकी हालत बिगड़ती गई और कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई।
साथियों ने यह भी आरोप लगाया कि 108 एंबुलेंस के लिए फोन किया गया, लेकिन मदद नहीं मिली। इसके बाद घायल को निजी वाहन से अस्पताल ले जाया गया।
जांच के लिए दो सदस्यीय समिति गठित
मामले में इलाज में लापरवाही के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल प्रशासन ने दो वरिष्ठ डॉक्टरों की समिति गठित की है। समिति हादसे के बाद जितेंद्र के अस्पताल पहुंचने से लेकर उपचार और मौत तक की पूरी प्रक्रिया की जांच करेगी। मेडिकल रिकॉर्ड और इलाज में शामिल चिकित्सकों की भूमिका भी जांच के दायरे में रखी गई है। समिति को दो दिन में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
हादसे के कारण की जांच जारी
हादसे के कारणों को लेकर यह भी चर्चा है कि जितेंद्र पर मधुमक्खियों ने हमला किया था, जिससे उसका संतुलन बिगड़ा और वह डिवाइडर से टकरा गया। हालांकि, परिजनों ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस हादसे की वास्तविक वजह पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
जितेंद्र परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार ने हादसे के साथ-साथ इलाज में कथित लापरवाही की भी निष्पक्ष जांच की मांग की है।



