उत्तराखंड
उत्तराखंड में बिगड़ेगा मौसम, नौ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने का खतरा

देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ने के आसार हैं। मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के नौ जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। देहरादून, टिहरी, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली और पौड़ी में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और बारिश के तेज दौर की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
भारी बारिश के दौरान पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और सड़कें बाधित होने का खतरा बढ़ सकता है। इसके अलावा नदी-नालों और गदेरों का जलस्तर तेजी से बढ़ने की आशंका है। ऐसे में लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने की अपील की गई है।



