उत्तराखंड

देहरादून: एबीवीपी कार्यकर्ता को हिरासत में लेने पर पटेलनगर थाने में हंगामा, पुलिस के खिलाफ नारेबाजी

Listen to this News

देहरादून के पटेलनगर थाने में शुक्रवार देर शाम उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब वाहन चेकिंग के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ता प्रीतम सेमवाल को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसके विरोध में बड़ी संख्या में एबीवीपी कार्यकर्ता थाने पहुंच गए और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए थाना प्रभारी को हटाने की मांग की।

जानकारी के अनुसार, पथरीबाग चौक पर पुलिस वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटाने को लेकर एक छात्र और पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद पुलिस ने छात्र को हिरासत में ले लिया, जिससे एबीवीपी कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया।

कार्यकर्ताओं ने लगाए गंभीर आरोप

एबीवीपी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस ने प्रीतम सेमवाल के साथ अभद्र व्यवहार किया और हिरासत में लेने के बाद उसके साथ मारपीट भी की। उनका कहना है कि छात्र को बिना उचित कारण हिरासत में लिया गया और पुलिस का रवैया छात्रों और युवाओं के प्रति ठीक नहीं है।

देर रात तक थाने में चला धरना

हंगामा बढ़ने पर पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ता कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। देर रात तक एबीवीपी कार्यकर्ता पटेलनगर थाने में धरने पर बैठे रहे।

दो सिपाही लाइन हाजिर, जांच शुरू

सूत्रों के अनुसार, मामले में दो पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है और विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं। सीओ अंकित कंडारी ने कहा कि पूरे मामले की विभागीय जांच कराई जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button