चमोली: पिंडर नदी के कटाव से ऐरठा गांव पर मंडराया खतरा, 20 घरों के नीचे पड़ी दरारें

चमोली: लगातार हो रही बारिश और पिंडर नदी के तेज कटाव से ऐरठा गांव पर खतरा मंडरा रहा है। पिछले दो दिनों से हो रहे भूमि कटाव के कारण गांव के नीचे जमीन में मोटी दरारें पड़ गई हैं। इससे करीब 20 आवासीय घरों पर खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, पिंडर नदी लगातार कटाव कर रही है, जिससे आवासीय मकानों के नीचे की जमीन खिसकने लगी है। नदी के कटाव और स्लाइडिंग के कारण गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि कटाव इसी तरह जारी रहा तो कई घर इसकी चपेट में आ सकते हैं।
ग्राम प्रधान प्रेमा देवी और बीडीसी सदस्य खिमुली देवी ने बताया कि करीब 20 परिवार खतरे की जद में हैं। उन्होंने जिलाधिकारी से प्रभावित क्षेत्र में प्रशासन की टीम भेजकर स्थिति का जायजा लेने और खतरे वाले परिवारों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की मांग की है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सुरक्षा उपाय करने की मांग की है, ताकि पिंडर नदी के कटाव से होने वाले नुकसान को रोका जा सके। उनका कहना है कि समय रहते प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर नहीं पहुंचाया गया तो स्थिति गंभीर हो सकती है।
फिलहाल ग्रामीण प्रशासन से राहत और सुरक्षा व्यवस्था की उम्मीद लगाए हुए हैं। नदी के लगातार कटाव के कारण गांव के नीचे जमीन में बढ़ती दरारों ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है।



