रुड़की: पिरान कलियर में सालाना उर्स मेले के दौरान बवाल, दो पक्षों में मारपीट; लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले

रुड़की: पिरान कलियर में साबिर पाक के सालाना उर्स मेले के दौरान सोमवार रात अब्दाल साहब रोड पर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला बढ़ने पर दोनों पक्षों में लाठी-डंडे और धारदार हथियार चलने लगे। मारपीट में कई लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
लंढौरा निवासी साबाज अहमद ने मंगलौर कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने साथियों के साथ कलियर मेले में आया था। रात करीब 10 बजे वह अब्दाल साहब की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों से उसकी कहासुनी हो गई।
तहरीर के अनुसार, विवाद के बाद आरोपियों ने अपने आठ-दस साथियों के साथ मिलकर उन्हें घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और चाकू से हमला कर दिया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसके सिर पर डंडे और धारदार हथियार से वार किया गया। इसके बाद गला दबाकर जमीन पर घसीटने और जान से मारने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया गया है। मारपीट में सभी के घायल होने की बात कही गई है।
पीड़ित के मुताबिक, हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। उसने आठ-दस अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, कोतवाली पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपों की पड़ताल कर रही है।



