उत्तराखंड

मसूरी-देहरादून मार्ग: पानीवाला बैंड के पास 50 मीटर सड़क धंसी, यातायात वन-वे; दो दिन में डबल लेन होने की उम्मीद

Listen to this News

मसूरी: लगातार बारिश के बीच मसूरी-देहरादून मार्ग पर पानीवाला बैंड के पास सड़क का करीब 50 मीटर हिस्सा धंस गया है। सड़क धंसने के बाद मार्ग फिलहाल सिंगल लेन रह गया है, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।

जानकारी के अनुसार, 19 अगस्त की रात करीब 11 बजे सड़क का हिस्सा धंसने की घटना सामने आई थी। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने सड़क को दोबारा डबल लेन बनाने का काम तेज कर दिया है। विभाग को अगले दो दिनों में निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद है।

फिलहाल सड़क पर केवल एक लेन से वाहनों की आवाजाही हो रही है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए मौके पर पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। पुलिसकर्मी दोनों दिशाओं से आने वाले वाहनों को बारी-बारी से निकाल रहे हैं।

लोक निर्माण विभाग के अपर सहायक अभियंता प्रदीप सिंह शाही ने बताया कि सड़क को डबल लेन बनाने का कार्य तेजी से चल रहा है। लगातार बारिश के बीच कर्मचारी और मशीनें मौके पर काम कर रही हैं। विभाग को उम्मीद है कि दो दिनों में काम पूरा होने के बाद मार्ग पर यातायात सामान्य हो जाएगा।

सड़क धंसने के कारण मसूरी आने-जाने वाले स्थानीय लोगों और पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन और संबंधित विभाग की ओर से मार्ग की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button