उत्तराखंड

उत्तराखंड: चीनी समेत आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्ती, सीएम धामी ने दिए कार्रवाई के निर्देश

Listen to this News

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चीनी समेत आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी और कालाबाजारी को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आम लोगों को आवश्यक वस्तुएं उचित दरों पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए और बाजार में किसी भी तरह की कृत्रिम कमी पैदा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग समेत संबंधित विभागों को बाजार में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और कीमतों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मांग और आपूर्ति की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए और जरूरत पड़ने पर समयबद्ध तरीके से प्रभावी कदम उठाए जाएं।

बाजार और स्टॉक की होगी नियमित जांच

सीएम धामी ने सभी जिलों में प्रशासन को नियमित रूप से बाजारों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। इस दौरान आवश्यक वस्तुओं के निर्धारित और प्रचलित बाजार मूल्यों के साथ-साथ दुकानों और गोदामों में उपलब्ध स्टॉक की भी जांच की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जमाखोरी, कालाबाजारी या निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।

आम जनता के हितों की रक्षा पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में अनावश्यक बढ़ोतरी का सीधा असर आम लोगों के घरेलू बजट पर पड़ता है। सरकार आम जनता के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और मूल्य नियंत्रण से जुड़ी व्यवस्थाओं को प्रभावी और पारदर्शी बनाया जाएगा।

उन्होंने शासन और जिला प्रशासन के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ बाजार की स्थिति पर लगातार नजर रखने और किसी भी अनियमितता की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button