उत्तराखंड

देहरादून: टपकेश्वर महादेव की 26वीं भव्य शोभायात्रा निकली, सीएम धामी भी हुए शामिल

Listen to this News

देहरादून: राजधानी देहरादून में त्रयोदशी के अवसर पर भगवान टपकेश्वर महादेव की 26वीं भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए और उन्होंने पूजा-अर्चना कर यात्रा के शुभारंभ में भाग लिया।

शोभायात्रा की शुरुआत आढ़त बाजार स्थित शिवाजी धर्मशाला से हुई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, महंत कृष्ण गिरी महाराज, दिगंबर भरत गिरी महाराज समेत देश-विदेश से पहुंचे अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर यात्रा का शुभारंभ किया। इसके बाद शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए टपकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी।

डोलों और झांकियों ने खींचा श्रद्धालुओं का ध्यान

शोभायात्रा में श्री टपकेश्वर महादेव, श्री दूधेश्वर महादेव, श्री तपेश्वर महादेव, श्री देवेश्वर महादेव और ब्रह्मलीन महंत माया गिरि महाराज के डोले प्रमुख आकर्षण रहे। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए और धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला।

आयोजकों के अनुसार, शोभायात्रा को इस बार पहले से अधिक भव्य और आकर्षक स्वरूप देने के प्रयास किए गए हैं। यात्रा के समापन के बाद टपकेश्वर महादेव मंदिर के सत्संग भवन में विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा।

यातायात और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और आम लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए सेवादल के स्वयंसेवक पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर विभिन्न चौराहों पर व्यवस्था संभाल रहे हैं। सफाई व्यवस्था के लिए दो टीमें तैनात की गई हैं, जो शोभायात्रा के गुजरने के तुरंत बाद सड़क की सफाई करेंगी।

स्वास्थ्य और आपातकालीन व्यवस्था के लिए दो एंबुलेंस, दो डॉक्टर और चार नर्स यात्रा के साथ मौजूद हैं। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड वाहन भी तैनात किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button