उत्तराखंड: अभिनव देशवाल और अंकिता ध्यानी को मिलेगा खेल रत्न पुरस्कार, राष्ट्रीय खेल दिवस पर होगा सम्मान

देहरादून: उत्तराखंड के युवा निशानेबाज अभिनव देशवाल और स्टार धावक अंकिता ध्यानी को उनके शानदार खेल प्रदर्शन के लिए ‘देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाएगा। दोनों खिलाड़ियों को 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, अभिनव देशवाल को वर्ष 2025 और अंकिता ध्यानी को वर्ष 2024-25 के लिए खेल रत्न पुरस्कार दिया जाएगा। अभिनव निशानेबाजी में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, जबकि अंकिता लंबी और मध्यम दूरी की दौड़ में शानदार प्रदर्शन के लिए जानी जाती हैं।
अन्य खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को भी सम्मान
राष्ट्रीय खेल दिवस पर उत्तराखंड की अन्य खेल प्रतिभाओं और प्रशिक्षकों को भी राज्य के प्रतिष्ठित खेल पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।
वर्ष 2025-26 के लिए आधुनिक पेंटाथलॉन खिलाड़ी ममता खाती, सक्षम प्रताप सिंह, पैरा निशानेबाज शौर्य सैनी और बॉक्सर खुशी चंद्र को ‘हिमालय रत्न खेल पुरस्कार’ दिया जाएगा।
वहीं, रोइंग कोच मुकेश शर्मा को ‘देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार’ और बॉक्सिंग के लिए मुकेश चंद्र बेलवाल को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार’ दिया जाएगा। वर्ष 2024-25 के लिए अंकिता ध्यानी और एथलेटिक्स कोच लोकेश कुमार को भी द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
शासन के मुताबिक, वर्ष 2024 के हिमालय रत्न खेल पुरस्कार के लिए कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ था, जबकि देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न और द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए कई आवेदन मिले थे।



