रुड़की: रक्षाबंधन से पहले भाई ने दो बहनों की गोली मारकर हत्या की, बहनोई भी घायल

रुड़की: रक्षाबंधन से ठीक पहले रुड़की में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक भाई ने अलग-अलग स्थानों पर रह रही अपनी दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात में दूसरी बहन का पति भी गोली लगने से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम आरोपी पहले प्रीत विहार पहुंचा, जहां उसकी 50 वर्षीय बहन संगीता उर्फ शकुंतला रहती थी। करीब 7:20 बजे जब वह घर से कुछ दूरी पर सेक्टर रोड से ई-रिक्शा में जा रही थी, तभी आरोपी ने उस पर गोली चला दी। पेट में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
इसके बाद आरोपी करीब दो किलोमीटर दूर सुभाषनगर पहुंचा, जहां उसकी दूसरी बहन 42 वर्षीय पुष्पा रहती थी। दरवाजा खोलते ही आरोपी ने पुष्पा पर भी गोली चला दी। गोली की आवाज सुनकर उसके पति संदीप बाहर आए तो आरोपी ने उन्हें भी कंधे में गोली मारकर घायल कर दिया और मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बहनों को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घायल संदीप का उपचार किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल के अनुसार, प्रारंभिक जांच में भाई द्वारा दोनों बहनों की गोली मारकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। वारदात के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने फरार आरोपी भाई को देर रात गिरफ्तार कर लिया।


