उत्तराखंड: त्योहारी सीजन से पहले मिलावट और जमाखोरी पर सख्ती, सीएम धामी के निर्देश पर तेज हुआ अभियान

देहरादून: त्योहारी सीजन को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने मिलावटखोरी और जमाखोरी के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेशभर में जांच अभियान तेज कर दिया गया है। जिलाधिकारियों को एक सप्ताह तक विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि इसकी निगरानी की जिम्मेदारी मंडलायुक्तों को सौंपी गई है।
राज्य सरकार के निर्देश पर सोमवार को सभी जिलों में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन और जिला प्रशासन की संयुक्त टीमों ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए और कई दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए। जांच के दौरान सड़ी-गली और एक्सपायरी डेट की खाद्य सामग्री मिलने पर उसे मौके पर ही नष्ट कराया गया।
अभियान के दौरान केवल खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता ही नहीं, बल्कि चीनी की जमाखोरी और घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि त्योहारी सीजन में उपभोक्ताओं को मिलावटी या खराब खाद्य सामग्री न मिले, इसके लिए बाजारों पर लगातार निगरानी रखी जाए।
सरकार की ओर से जिलास्तर पर चलाए जा रहे अभियान में मिठाई की दुकानों, खाद्य प्रतिष्ठानों और अन्य व्यापारिक संस्थानों की जांच की जा रही है। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को अभियान में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने और मिलावटखोरी व जमाखोरी पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।



