अंतरराष्ट्रीय

नेपाल बाढ़: चंद सेकेंड में पत्नी और बेटा बह गए, पीड़ित ने सुनाई खौफनाक दास्तान

Listen to this News

काठमांडू। नेपाल में भोटे कोशी नदी में आई अचानक बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है। बाढ़ की चपेट में आने से कई लोगों की जान चली गई, जबकि बड़ी संख्या में लोग अब भी लापता हैं। इस बीच एक स्थानीय व्यक्ति ने आपदा के दौरान अपने परिवार को खोने की दर्दनाक कहानी बताई है।

नुवाकोट के त्रिशूली बाजार के एक व्यापारी ने बताया कि प्रशासन की ओर से लोगों को ऊंचाई वाले सुरक्षित स्थानों की ओर जाने के लिए कहा गया था। इसी दौरान अचानक तेज रफ्तार से पानी का सैलाब आया और कुछ ही सेकेंड में कई लोगों को अपने साथ बहा ले गया। पीड़ित ने बताया कि उसका 18 वर्षीय बेटा और पत्नी भी लापता हैं।

अचानक आई बाढ़ से मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इलाके में उस समय बारिश नहीं हो रही थी और लोग सामान्य रूप से अपने काम में जुटे थे। तभी अचानक पानी की विशाल लहर तेजी से नीचे की ओर आई और बस्तियों को अपनी चपेट में ले लिया। लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

रसुवा जिले के टिमुरे क्षेत्र में भी बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई। कई घर, सड़कें और पुल मलबे में दब गए। कस्टम चेकपोस्ट के पास खड़े सैकड़ों वाहन भी बाढ़ के तेज बहाव में बह गए।

राहत और बचाव अभियान जारी

बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान जारी है। हालांकि, सड़कें और संचार व्यवस्था क्षतिग्रस्त होने के कारण बचाव दलों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। लापता लोगों की तलाश के लिए सुरक्षा बलों और स्थानीय प्रशासन की टीमें जुटी हुई हैं।

नेपाल में आई इस भीषण आपदा ने हजारों परिवारों को प्रभावित किया है। कई लोग अब भी अपने परिजनों की तलाश में हैं और राहत एवं बचाव दल लापता लोगों को खोजने में जुटे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button