हरिद्वार: एक ही दुकान से जारी सिम से 10 राज्यों में साइबर ठगी का कनेक्शन, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी

हरिद्वार। साइबर ठगी के मामलों की जांच के दौरान हरिद्वार पुलिस को एक अहम जानकारी मिली है। विभिन्न राज्यों में दर्ज साइबर धोखाधड़ी की शिकायतों की जांच में कई संदिग्ध मोबाइल नंबर सामने आए हैं। जांच में पता चला कि इनमें से कई नंबरों के सिम कार्ड बहादराबाद रोड स्थित एक ही दुकान से जारी किए गए थे।
पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त को संदिग्ध सिम कार्ड से जुड़े डेटा की जांच की गई। साइबर सेल हरिद्वार से मिले रिकॉर्ड और समन्वय पोर्टल पर उपलब्ध शिकायतों के विश्लेषण में कई संदिग्ध मोबाइल नंबर सामने आए।
जांच में पाया गया कि दिल्ली, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, पंजाब, तमिलनाडु, हरियाणा, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में दर्ज साइबर ठगी की शिकायतों में इन नंबरों का इस्तेमाल हुआ था।
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि कई संदिग्ध मोबाइल नंबरों के सिम कार्ड रुड़की में बहादराबाद रोड, पतंजलि विद्यापीठ क्षेत्र स्थित एक ही पीओएस एजेंट की दुकान से जारी किए गए थे। पुलिस अब सिम जारी करने की प्रक्रिया और संबंधित लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
संदिग्ध मोबाइल नंबरों और अलग-अलग राज्यों में दर्ज साइबर ठगी की शिकायतों के बीच संबंध सामने आने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सीओ संजय चौहान ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



