मसूरी में बारिश का कहर: तीन जगह भूस्खलन, पहाड़ दरकने से घरों को खतरा; 14 लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचे

मसूरी। उत्तराखंड के मसूरी में शनिवार देर रात से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारी बारिश के कारण मसूरी-देहरादून मार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ और पहाड़ से मलबा व बोल्डर सड़क पर आ गए। इससे यातायात प्रभावित रहा और कई बार जाम की स्थिति बनी।
सबसे ज्यादा चिंता पानीवाला बैंड के पास बनी हुई है, जहां आवासीय भवनों के नीचे पहाड़ लगातार दरक रहा है। भूस्खलन के खतरे को देखते हुए करीब 14 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। यहां घरों के अलावा होटल और रेस्टोरेंट भी खतरे की जद में हैं।
तीन स्थानों पर भूस्खलन से यातायात प्रभावित
मसूरी-देहरादून मार्ग के किलोमीटर 21, 23 और 24 पर पहाड़ से बोल्डर और मलबा सड़क पर आने के कारण यातायात बाधित हुआ। पानीवाला बैंड के पास कुछ दिन पहले बनाया गया भारी-भरकम पुश्ता भी धंस गया है। लोक निर्माण विभाग की टीम ने मलबा हटाने के लिए मौके पर दो जेसीबी मशीनें तैनात की हैं।
चार परिवारों पर मंडरा रहा खतरा
पानीवाला बैंड निवासी दीपक रावत के मुताबिक, उनके घर और रेस्टोरेंट के नीचे पहाड़ लगातार दरक रहा है। इससे करीब चार परिवारों के लिए खतरा पैदा हो गया है। उनके परिवार के चार सदस्यों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है। उन्होंने आशंका जताई कि बारिश जारी रहने पर उन्हें भी घर और रेस्टोरेंट छोड़ना पड़ सकता है।
उन्होंने बताया कि यदि नाले का जल्द उपचार नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आसपास के आबादी क्षेत्र और मसूरी-देहरादून मार्ग को भारी नुकसान हो सकता है।
घर की दीवार में आई दरार
वहीं, वीरेंद्र सिंह रावत के घर को भी तेज पानी और भूस्खलन से नुकसान पहुंचा है। उनका शौचालय क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि एक कमरे की दीवार में दरार आ गई है। भूस्खलन के कारण टीन शेड भी झुक गया। उनके परिवार के सात सदस्यों और रिश्तेदारों के तीन सदस्यों को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है।
बारिश के साथ घना कोहरा भी
मसूरी में लगातार बारिश के साथ घना कोहरा छाया हुआ है। कम दृश्यता के कारण मसूरी-देहरादून मार्ग समेत शहर की सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही। खराब मौसम के चलते स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।



