उत्तराखंड: बिना मान्यता चल रहे मदरसे होंगे बंद, सीएम धामी बोले- सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने का अभियान रहेगा जारी

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने बिना मान्यता के संचालित हो रहे मदरसों को लेकर सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य में बिना मान्यता चल रहे सभी मदरसों को बंद कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मदरसों को शिक्षा विभाग से मान्यता लेने के साथ उत्तराखंड बोर्ड की व्यवस्था लागू करनी होगी।
कुआंवाला में प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम सुनने के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि बिना मान्यता के मदरसों को संचालित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार पहले भी ऐसे संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की बात स्पष्ट कर चुकी है।
13 हजार एकड़ सरकारी भूमि कराई अतिक्रमण मुक्त
मुख्यमंत्री धामी ने राज्य में चलाए जा रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अब तक 13 हजार एकड़ भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। सरकार का उद्देश्य सरकारी भूमि पर हुए अतिक्रमण को हटाकर उसे सुरक्षित करना है।
मुख्यमंत्री के बयान के बाद अब बिना मान्यता संचालित मदरसों और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के मामलों में प्रशासनिक कार्रवाई तेज होने की संभावना है।



