कोटद्वार: कोल्हू नदी में डूबने से मां-बेटी की मौत, छह दिन बाद था बच्ची का जन्मदिन

कोटद्वार। उत्तराखंड के कोटद्वार में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। कोटद्वार-पाखरो मार्ग पर कोल्हू नदी पार करते समय तेज बहाव की चपेट में आने से एक महिला और उसकी एक साल की बेटी बह गईं। हादसे में महिला के पति को किसी तरह बचा लिया गया, लेकिन मां-बेटी की जान नहीं बच सकी। दोनों के शव करीब एक किलोमीटर दूर उत्तर प्रदेश के कादरगंज क्षेत्र से बरामद किए गए।
बुआ से मिलने गया था परिवार
पुलिस के अनुसार, सिगड्डी निवासी वन गुर्जर सद्दाम सोमवार शाम अपनी पत्नी जेनम (26) और एक साल की बेटी आफिया के साथ बगनाला निवासी अपनी बहन जैतून और जीजा शेरा से मिलने गया था। रात में परिवार वहीं रुका। बताया गया कि बच्ची के जन्म के बाद उसकी बुआ ने उसे नहीं देखा था। इसी वजह से वह बच्ची से मिलने के लिए परिवार को बुलाया था।
आफिया का जन्मदिन छह सितंबर को था। परिवार को क्या पता था कि जन्मदिन से कुछ दिन पहले ही मासूम हमेशा के लिए दुनिया छोड़ देगी। हादसे की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
नदी पार करते समय तेज बहाव में बहे
मंगलवार को सद्दाम पत्नी और बेटी के साथ बाइक से घर लौट रहा था। उन्हें छोड़ने के लिए जीजा शेरा भी साथ चल पड़ा। कोल्हू नदी पार करते समय अचानक तेज बहाव आया और सद्दाम बाइक समेत बहने लगा। शेरा और अन्य लोगों ने किसी तरह सद्दाम को बाहर निकाल लिया, लेकिन इसी दौरान जेनम और आफिया तेज बहाव में बह गए।
एसडीआरएफ ने चलाया तलाशी अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही सनेह चौकी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने नदी में मां-बेटी की तलाश शुरू की। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों के शव घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर कादरगंज क्षेत्र में बरामद हुए।



